हैदराबाद: चारमीनार के पास भीषण आग से 17 लोगों की मौत, खुलासा हुआ कारण

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

BY: Yoganand Shrivastva

हैदराबाद, हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार के नज़दीक गुलजार हौज़ इलाके की एक बहुमंज़िला इमारत में रविवार सुबह भयंकर आग लग गई, जिसमें 17 लोगों की जान चली गई। अब इस दर्दनाक हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आई है, जिससे आग लगने की वजह का खुलासा हुआ है।

आग लगने का कारण: शॉर्ट सर्किट

तेलंगाना राज्य आपदा प्रबंधन और अग्निशमन सेवा के महानिदेशक वाई. नागी रेड्डी के मुताबिक, घटना की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। उन्होंने बताया कि सभी मृतकों की जान धुएं में दम घुटने से गई है, न कि जलने से।

वाई. नागी रेड्डी ने कहा: “जांच से स्पष्ट हुआ है कि किसी के शरीर पर जलने के निशान नहीं हैं, सभी की मौत दम घुटने की वजह से हुई है।”

बचाव कार्य में आई मुश्किलें

फायर ब्रिगेड विभाग ने स्पष्ट किया है कि राहत और बचाव कार्य में कोई ढिलाई नहीं बरती गई। लेकिन इमारत की बनावट ने ऑपरेशन को काफी कठिन बना दिया।

  • प्रवेश द्वार सिर्फ दो मीटर चौड़ा था।
  • पहली और दूसरी मंज़िल तक पहुंचने के लिए केवल एक मीटर चौड़ी संकरी सीढ़ियां थीं।

इन बाधाओं के चलते दमकलकर्मियों को अंदर घुसने और लोगों को बाहर निकालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि सुबह 9 बजे तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया था।

मासूमों की दर्दनाक मौत

इस हादसे में मारे गए 17 लोगों में से 8 बच्चे 10 साल से कम उम्र के थे। इनमें एक बच्चा महज़ डेढ़ साल का था।

मारे गए बच्चों में शामिल नाम:

  • प्रथान (1.5 साल)
  • हमी (7 साल)
  • प्रियांश (4 साल)
  • इराज (2 साल)
  • आरुषि (3 साल)
  • ऋषभ (4 साल)
  • अनुयान (3 साल)
  • इद्दू (4 साल)

पीएम मोदी ने जताया शोक, की आर्थिक मदद की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह राशि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दी जाएगी।