,

बिजली बिल बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का लालटेन प्रदर्शन

Congress's lantern demonstration against electricity bill hike

रिपोर्टर: विष्णु गौतम

दुर्ग में बिजली बिलों की बढ़ती दरों के खिलाफ कांग्रेस का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और उन्हें “अडानी सरकार” बताते हुए नारेबाजी की।

प्रदर्शन की अगुवाई पूर्व विधायक अरुण वोरा और कांग्रेस जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की। कार्यकर्ता लालटेन लेकर जिला कलेक्टरेट पहुंचे, जिससे यह संदेश देने की कोशिश की गई कि भाजपा सरकार में छत्तीसगढ़ जैसे बिजली सरप्लस राज्य में भी बिजली संकट गहरा गया है।

प्रदर्शन के बाद पटेल चौक पर मुख्यमंत्री विष्णु देव का पुतला जलाया गया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह बिजली दरों में अनावश्यक वृद्धि कर जनता को लूट रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली का कोई अभाव नहीं है, फिर भी आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने जनता के बीच बढ़ रहे असंतोष को सामने लाने की कोशिश की है, जो बिजली बिलों की अचानक हुई वृद्धि से परेशान हैं।