Report: Neha gupta
Bhojpur जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर टोला में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक निजी स्कूल के वाहन ने अपने ही स्कूल के 7 वर्षीय छात्र को रिवर्स करने के दौरान कुचल दिया। हादसे के बाद चालक मौके पर वैन लेकर फरार हो गया, जबकि मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
Bhojpur घर के पास ही घटित हुई त्रासदी
मृतक की पहचान बहादुरपुर गांव निवासी पप्पू कुमार के पुत्र शुभम कुमार (7 वर्ष) के रूप में हुई है। शुभम स्थानीय निजी स्कूल में नर्सरी का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने के बाद वैन उसे छोड़ने बहादुरपुर टोला आई थी। सड़क किनारे उतरने के कुछ ही पलों बाद यह हादसा हो गया।
Bhojpur चालक की लापरवाही: बिना देखे किया रिवर्स
मृतक के परिजनों ने बताया कि शुभम जैसे ही वैन से उतरकर पीछे की ओर गया, चालक ने बिना पीछे देखे वाहन को तेजी से रिवर्स (पीछे) कर दिया। वैन का पहिया मासूम के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि चालक की घोर लापरवाही के कारण एक हंसते-खेलते बच्चे की जान चली गई।
Bhojpur इलाके में अफरा-तफरी, चालक की तलाश जारी
हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर फरार चालक और वाहन की जानकारी जुटाई है।
Read this: Bareilly: खुद को IAS-SDM बताकर ठगने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार; 11 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा





