Bigg Boss 20 Rumoured : नई दिल्ली। टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस के 20वें सीजन को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत के कई अनौपचारिक प्लेटफॉर्म्स पर जिन नामों की चर्चा हो रही है, उनमें मध्य प्रदेश के रतलाम निवासी रैपर सैंटी शर्मा का नाम भी शामिल है। हालांकि, शो के निर्माताओं या चैनल की ओर से अभी तक उनके नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Bigg Boss 20 Rumoured : कौन हैं सैंटी शर्मा?
सैंटी शर्मा का वास्तविक नाम गणेश शर्मा है। वे रैपर, गायक और गीतकार के रूप में पहचान रखते हैं। रतलाम से निकलकर उन्होंने हिप-हॉप और रैप संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है और उनके गाने युवाओं के बीच लोकप्रिय रहे हैं।
हाल के समय में सैंटी शर्मा ने बॉलीवुड में भी कदम रखा, जिससे उनकी लोकप्रियता में और बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा सोशल मीडिया पर दिए गए कुछ बयानों के कारण भी वे चर्चा में रहे।
Bigg Boss 20 Rumoured : सोशल मीडिया पोस्ट से बटोरी सुर्खियां
कुछ समय पहले सैंटी शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक राजनीतिक मुद्दे को लेकर अपनी राय व्यक्त की थी। उन्होंने युवाओं से अपील की थी कि किसी भी ऑनलाइन अभियान या ट्रेंड को आंख बंद करके स्वीकार करने के बजाय तथ्यों की जांच करें। उनके बयान सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हुए और व्यापक चर्चा का विषय बने।

हालांकि बाद में संबंधित पोस्ट उनके सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दी गई।
Bigg Boss 20 Rumoured : संगीत करियर की शुरुआत
सैंटी शर्मा ने वर्ष 2016 में अपने यूट्यूब चैनल पर पहला गीत “सुनी सुनी सड़कों” रिलीज किया था। इस गाने को दर्शकों से अच्छा प्रतिसाद मिला और उन्हें शुरुआती पहचान मिली।
इसके बाद 2017 में रिलीज हुआ उनका मोटिवेशनल रैप गीत “उड़ान” काफी लोकप्रिय हुआ। आने वाले वर्षों में उन्होंने कई स्वतंत्र गाने जारी किए, जिनमें “कोशिश मेरी” और “द वैलेंटाइन सॉन्ग” जैसे ट्रैक शामिल हैं।
वर्ष 2019 में उन्होंने कमर्शियल म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और एक म्यूजिक लेबल के साथ “पीता दारू” गीत रिलीज किया। बाद में “ब्लैक हार्ट” जैसे गीतों ने उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर और अधिक पहचान दिलाई। वर्ष 2024 में उन्होंने अपने पहले सोलो एल्बम “रीबॉर्न” की घोषणा की, जिसमें सात गाने शामिल थे।
Bigg Boss 20 Rumoured : बिग बॉस 20 को लेकर क्या है अपडेट?
सूत्रों के अनुसार बिग बॉस 20 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और अभिनेता सलमान खान एक बार फिर शो की मेजबानी करते नजर आ सकते हैं। नए सीजन की शूटिंग सितंबर के अंतिम सप्ताह में शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि टीवी इंडस्ट्री, सोशल मीडिया और रियलिटी शो से जुड़े कई चर्चित चेहरों पर विचार किया जा रहा है। कुछ पूर्व प्रतियोगियों की वापसी की भी चर्चा है, लेकिन फिलहाल शो के प्रारूप और प्रतिभागियों की अंतिम सूची को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ऐसे में सैंटी शर्मा का नाम केवल संभावित प्रतिभागियों की चर्चाओं तक सीमित है। उनकी भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला और आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

