रिपोर्ट- संजू जैन
बेमेतरा। जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 400 से अधिक कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। सोमवार को कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन का एक अलग तरीका अपनाते हुए गुब्बारों पर अपनी मांगें लिखकर आसमान में उड़ाया।
स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित
लगातार चल रही इस हड़ताल का असर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर गहराई से पड़ रहा है। उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल तक सेवाएं प्रभावित हो चुकी हैं। इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
20 वर्षों से लंबित मांगें
छत्तीसगढ़ NHM कर्मचारी संघ बेमेतरा अध्यक्ष पूरन दास ने बताया कि कर्मचारी बीते 20 वर्षों से नियमितीकरण, वेतनमान और सेवा शर्तों समेत अन्य मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। केवल आश्वासन मिलते रहे हैं।
कर्मचारियों का आरोप : गुमराह कर रही सरकार
अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री दावा कर रहे हैं कि पांच मांगें पूरी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी आदेश की आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। ऐसे में कर्मचारियों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि यदि वाकई मांगें पूरी हो गई हैं तो सरकार तत्काल आदेश जारी करे।





