BY: Yoganand Shrivastva
पुणे, महाराष्ट्र। पुणे में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड की चाकू से हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड का किसी अन्य व्यक्ति के साथ नाजायज संबंध चल रहा है।घटना के बाद आरोपी दिलावर सिंह, जो पुणे के पिसौली इलाके का निवासी है, फरार नहीं हुआ। उसने पुलिस थाने जाकर खुद सरेंडर कर दिया और हत्या की पूरी वारदात कबूला।
घटना का विवरण:
पुलिस के अनुसार, दिलावर ने अपनी गर्लफ्रेंड मेरी मल्लेश तेलुगू (26), जो शीतला नगर देहुरोड की रहने वाली थी, को वाकड़ इलाके के एक लॉज में बुलाया। वहां उसने मेरी का मोबाइल फोन चेक किया और उसके नाजायज संबंध का शक पक्का होने के बाद चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद दिलावर अपनी गाड़ी लेकर पुणे के कोंडवा इलाके स्थित पुलिस थाने पहुंचा और वहां अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद कोंडवा पुलिस ने वाकड़ पुलिस को घटनास्थल की सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मेरी का शव खून में लथपथ पाया गया। मेरी के परिजनों ने दिलावर के खिलाफ वाकड़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और इस मामले में यह जांच कर रही है कि हत्या के समय दिलावर के साथ कोई और मौजूद था या नहीं।





