रिपोर्ट- अनमोल श्रीवास्तव, एडिट- विजय नंदन
उन्नाव: मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के बिल्हौर मार्ग स्थित ढहन गांव के पास हुई इस मुठभेड़ में चोरी और लूट के मामलों में फरार चल रहे दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल अवस्था में दोनों को पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह पुलिस टीम के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों बदमाश घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान विवेक पुत्र ऋषिकांत निवासी कांकेडी थाना साड़ी और सोलंकी पुत्र श्यामा कुमार निवासी कैथोलिया थाना सदर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बांगरमऊ कस्बे में चंद्रा धर्मकांटा के पास एक व्यापारी से ₹76 हजार रुपये लूटने की बात कबूल की है। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों पर ₹10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उनके पास से तमंचा, कारतूस और लूट की नकदी बरामद की गई है। दोनों पर अन्य जिलों में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता से दो शातिर बदमाशों को पकड़ लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।





