BY: Yoganand Shrivastava
महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अंबरनाथ कस्बे की रहने वाली 26 वर्षीय महिला ने अपनी तीन साल की भांजी की गला घोंटकर हत्या कर दी और इसके बाद अपराधबोध में खुद भी फंदे से लटककर जान दे दी। यह घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक तनाव में थी और कुछ समय पहले अपनी बहन के आठ वर्षीय बेटे की बीमारी से हुई मौत से बेहद आहत थी। इसी सदमे में उसने अपनी भांजी की जान ले ली और फिर खुद को भी फांसी लगा ली। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। इसी तरह का एक और मामला झारखंड के गोड्डा जिले में सामने आया, जहां एक शख्स ने घरेलू विवाद में पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और सास-ससुर को भी घायल कर दिया। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव में शुक्रवार रात हुई।





