,

23 साल बाद सितंबर में खुले भदभदा डैम के गेट, भोपाल का बड़ा तालाब फुल टैंक लेवल पर; कलियासोत डैम में भी बढ़ा जलस्तर

BY: Yoganand Shrivastva

भोपाल: शान और शहर की जीवनरेखा कहे जाने वाला बड़ा तालाब फुल टैंक लेवल तक भर गया है। शनिवार सुबह 10:35 बजे तालाब का जलस्तर 1666.80 फीट तक पहुंचने के बाद भदभदा डैम के गेट खोले गए। गेट खोलने से पहले महापौर मालती राय और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने पूजा-अर्चना की और फिर सुरक्षा उपायों के बीच गेट का संचालन किया गया।

यह पिछले 23 साल में दूसरा मौका है जब सितंबर महीने में भदभदा डैम के गेट खोले गए। इससे पहले वर्ष 2003 में सितंबर में गेट खोले गए थे। पिछले साल भारी बारिश के कारण गेट 2 अगस्त को ही खोल दिए गए थे।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम

गेट खोलने से पहले साइरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया। पुलिस बल की तैनाती के साथ डैम परिसर में आम लोगों का प्रवेश रोक दिया गया है। कंट्रोल रूम से अतिरिक्त जवान भी बुलाए गए हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग गेट खुलते देखने के लिए परिवारों के साथ पहुंच रहे हैं।


कैसे बढ़ा तालाब का जलस्तर

कैचमेंट एरिया और सीहोर जिले में हुई लगातार बारिश के बाद शुक्रवार शाम तक बड़ा तालाब का स्तर 1666.50 फीट तक पहुंच गया था। रातभर बारिश जारी रहने के बाद शनिवार सुबह तक तालाब का जलस्तर फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट हो गया। डैम से छोड़ा गया पानी सीधे कलियासोत डैम में जा रहा है, जिससे वहां भी गेट खोले जाने की संभावना है। वहीं, केरवा डैम का स्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।


इस बार अगस्त में बारिश कम रही

पिछले साल जुलाई-अगस्त में ही भोपाल के सभी बड़े डैम लबालब भर गए थे, लेकिन इस साल अगस्त में बारिश अपेक्षाकृत कम होने से डैम देर से भरे। यही कारण है कि भदभदा, कलियासोत, केरवा और कोलार डैम के गेट सितंबर तक बंद रहे।


डैम और जलस्तर की मौजूदा स्थिति

  • कोलार डैम: कुल क्षमता 1516.40 फीट, वर्तमान स्तर 1506.82 फीट। भोपाल के 40% क्षेत्रों को पानी यहीं से मिलता है।
  • केरवा डैम: कुल क्षमता 1673 फीट, वर्तमान स्तर 1666.60 फीट।
  • कलियासोत डैम: कुल क्षमता 1659.02 फीट, वर्तमान स्तर 1649.67 फीट।
  • बड़ा तालाब: फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट, वर्तमान में पूरी तरह भरा हुआ।

शहर की प्यास बुझाने वाला तालाब

बड़ा तालाब भोपाल का मुख्य जलस्रोत है, जो पुराने शहर, बैरागढ़ और आसपास के क्षेत्रों की 3 लाख से अधिक आबादी को पानी उपलब्ध कराता है। यहां से हर दिन 25 मिलियन गैलन (MGD) पानी सप्लाई किया जाता है।

Firozabad Electric Shock Death: फिरोजाबाद में करंट लगने से व्यक्ति की मौत, गांव में पसरा मातम

रिपोर्ट - प्रेमपाल सिंह Firozabad Electric Shock Death फिरोजाबाद के थाना मटसेना