BY: Yoganand Shrivastva
भोपाल, राजधानी के भीमनगर इलाके में रहने वाले एक पुताई ठेकेदार ने शनिवार देर रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवारजन पड़ोस में जन्माष्टमी की पूजा में शामिल थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा
मृतक की पहचान डालचंद यादव (40), पिता जुगल किशोर यादव, निवासी भीमनगर छात्रावास के पीछे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, डालचंद ने घर में चादर का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। देर रात जब उसकी बेटी पूजा से लौटकर घर आई, तो उसने पिता को फंदे पर लटका देखा और तत्काल चाचा राकेश यादव को सूचना दी। राकेश मौके पर पहुंचे, शव को नीचे उतारा और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और रविवार दोपहर परिजनों को सौंप दिया।
शराब पीकर लौटा था घर
परिजनों ने बताया कि शनिवार को डालचंद को काम का भुगतान मिला था। इस खुशी में उसने अपने भाई राकेश के साथ बैठकर शराब पी। रात में दोनों घर लौटे। उस दौरान घर के बाहर जन्माष्टमी की पूजा चल रही थी। राकेश के अनुसार, डालचंद ने नहाने की बात कहकर बाथरूम का रुख किया और इसी बीच पत्नी व बच्चे पूजा में चले गए। राकेश बाहर ही था। आधी रात करीब 12 बजे बेटी जब पिता को बुलाने घर पहुंची तो उसने यह मंजर देखा।
नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने बताया कि मृतक के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और न ही उसने किसी परिजन या परिचित को कॉल या मैसेज किया। शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही असल वजह सामने आ सकेगी।





