,

BJP और कंगना रनौत पर भड़के कांग्रेस नेता राहुल गांधी, किसानों का चरित्र हनन करने का लगाया आरोप

हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत को किसान आंदोलन पर दिए गए अपने बयान को लेकर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। विवाद बढ़ता देख बीजेपी ने कंगना के बयान से खुद को किनारा कर लिया है। लेकिन सियासी बवाल अभी भी मचा हुआ है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बीजेपी की नीति और नीयत पर सवाल खड़े किए हैं।

राहुल ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने अपने अधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “किसानों से किए वादों को पूरा करने में नाकाम मोदी सरकार का दुष्प्रचार तंत्र लगातार किसानों का अपमान करने में जुटा हुआ है। 378 दिन चले मैराथन संघर्ष के दौरान 700 साथियों का बलिदान देने वाले किसानों को भाजपा सांसद द्वारा बलात्कारी और विदेशी ताकतों का नुमाइंदा कहना भाजपा की किसान विरोधी नीति और नीयत का एक और सबूत है। ये शर्मनाक किसान विरोधी बोल पश्चिमी उत्तरप्रदेश, हरियाणा और पंजाब समेत पूरे देश के किसानों का घोर अपमान है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।”

किसानों का चरित्र हनन जारी- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, “किसान आंदोलन वापस लेते समय बनी सरकारी समिति आज भी ठंडे बस्ते में है, MSP पर सरकार अपना रूख आज तक साफ नहीं कर सकी, शहीद किसानों के परिवारों को किसी तरह की राहत नहीं दी गयी और ऊपर से लगातार उनका चरित्र हनन जारी है। अन्नदाताओं का निरादर और उनके मान सम्मान पर हमला करने से किसानों से किया गया मोदी सरकार का धोखा छुप नहीं सकता। नरेंद्र मोदी और भाजपा कितनी भी साजिश कर लें – INDIA किसानों को MSP की कानूनी गारंटी दिलवा कर रहेगा।”

कंगना ने क्या कहा था?

बता दें कि बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने एक इंटरव्यू में कहा था कि पंजाब में किसान आंदोलन के नाम पर उपद्रवी हिंसा फैला रहे थे और वहां बलात्कार और हत्याएं तक हो रही थीं। बीजेपी नेता और एक्ट्रेस के इसी बयान पर बवाल मचा हुआ है।

आईपीएल 2025 का पूरा शेड्यूल: मैच, स्थल और प्रमुख जानकारी