संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Morena, BJP मुरैना में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित संभागीय कार्यालय का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों से बनी इमारत नहीं है, बल्कि यहां योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यालय को पार्टी की संगठनात्मक मजबूती का नया केंद्र बताते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुव्यवस्थित एवं आधुनिक कार्यालय जरूरी है। पार्टी के पूर्वजों के पास भले ही इतने बड़े कार्यालय के निर्माण के संसाधन नहीं रहे हों, लेकिन उनकी सोच और संगठन के प्रति समर्पण मजबूत था। उन्हीं विचारों को आगे बढ़ाते हुए मुरैना में इस भव्य संभागीय कार्यालय का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, कार्यालय के दो प्रमुख उद्देश्य होते हैं—योग्य कार्यकर्ताओं को तैयार करना और पार्टी की गतिविधियों का विस्तार करना। यह भवन आम लोगों की समस्याओं के समाधान का केंद्र भी बनेगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना, संगठन को बताया असली ताकत
Morena, BJP मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा के लिए तत्पर रहने वाले राजनीतिक दल ही आगे बढ़ते हैं, जबकि व्यक्तिवादी सोच रखने वाली पार्टियां कमजोर होकर समाप्त हो जाती हैं। उन्होंने संगठन की सामूहिक ताकत को भाजपा की असली पूंजी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। नए कार्यालय से पार्टी को संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार और कार्यकर्ताओं के निर्माण में मदद मिलेगी।
नरेंद्र सिंह तोमर बोले- पार्टी कार्यक्रमों को मिलेगी नई गति
Morena, BJP कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा के नए संभागीय कार्यालय से मुरैना में पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि पहले चुनाव के दौरान कार्यालय की व्यवस्था करने में लाखों रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन स्थायी कार्यालय बनने से यह परेशानी दूर होगी।
तोमर ने कहा कि यह भवन केवल पार्टी की गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आमजन को सत्ता और शासन से जोड़ने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामूहिकता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
ग्राम करुआ में स्वामित्व योजना का शुभारंभ
Morena, BJP भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्राम करुआ पहुंचे। यहां उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने योजना के हितग्राहियों से संवाद भी किया और उनकी बातें सुनीं।


