Gorakhpur Teacher Murder गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र के खुरुहुरी गांव निवासी शिक्षिका रानी विश्वकर्मा (28) की हत्या के मामले में परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता सुभाष चन्द्र विश्वकर्मा ने रुद्रपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर वी.एन. सेंट्रल एकेडमी, ब्रह्मपुर, नई बाजार के प्रबंधक विजय निषाद पर हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विजय निषाद को गिरफ्तार कर लिया है।
बकाया वेतन मांगने घर से निकली थी शिक्षिका
Gorakhpur Teacher Murder मृतका के पिता के मुताबिक, रानी 31 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे स्कूल प्रबंधक से अपना बकाया मासिक वेतन मांगने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला।
परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से भी रानी के बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन, 1 नवंबर को ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव में श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के पीछे एक महिला का शव मिला है। सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीर देखकर परिजनों ने शव की पहचान रानी विश्वकर्मा के रूप में की।
पिता ने स्कूल प्रबंधक पर जताई हत्या की आशंका
Gorakhpur Teacher Murder रानी के पिता सुभाष चन्द्र विश्वकर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को दूसरी जगह फेंका गया। उन्होंने स्कूल प्रबंधक विजय निषाद की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
वहीं, मृतका की बहन कुमकुम निषाद ने विजय निषाद के साथ उनके पिता और भाई को भी गिरफ्तार करने की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
Gorakhpur Teacher Murder घटना के संबंध में चौरीचौरा पुलिस की ओर से बताया गया कि 1 नवंबर को देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। बाद में उसकी पहचान झंगहा थाना क्षेत्र के खुरहुरी पांडे टोला निवासी रानी विश्वकर्मा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, देवरिया पुलिस ने सभी तथ्यों के आधार पर नियमानुसार पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले के मुख्य आरोपी विजय निषाद, जो झंगहा थाना क्षेत्र के निवासी हैं, को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।
अन्य आरोपों की भी जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों ने कुछ अन्य व्यक्तियों पर भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। इन आरोपों को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read this: चिरंजीवी और Ram Charan ने अमित शाह से की मुलाकात, AI और डीपफेक के बढ़ते खतरे पर हुई चर्चा


