संवाददाता: रतन कुमार
Jamtara Cyber Crime जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 15 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और यूको बैंक केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर उनके मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसके जरिए बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। मंगलवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साइबर डीएसपी अमित कुमार रविदास ने मामले की जानकारी दी।
गुप्त सूचना पर दो स्थानों पर छापेमारी
Jamtara Cyber Crime साइबर डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया था। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के पतरोडीह गांव में सड़क से करीब 200 मीटर पश्चिम स्थित झाड़ीनुमा स्थान पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Jamtara Cyber Crime इसके बाद पबिया से चिरूडीह जाने वाली सड़क पर क्रेशर के समीप परती जमीन के पास कार्रवाई की गई। यहां से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
Jamtara Cyber Crime पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पतरोडीह गांव निवासी दिलबहार अंसारी (25) और सहबाज अंसारी (23), लोकनियां गांव निवासी चन्द्र प्रकाश दास (36) तथा मोहलीडीह गांव निवासी आनंद दास (42) शामिल हैं। चारों आरोपी नारायणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
ऐसे देते थे साइबर ठगी को अंजाम
साइबर डीएसपी ने बताया कि आरोपी पीएनबी केवाईसी अपडेट कराने और क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर लोगों से संपर्क करते थे। नया क्रेडिट कार्ड दिलाने का भरोसा देकर उनके मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसके माध्यम से क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल कर ठगी की जाती थी।
इसी तरह यूको बैंक केवाईसी अपडेट के नाम पर भी लोगों को निशाना बनाया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था।
विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
Jamtara Cyber Crime इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 70/26, दिनांक 2 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार और साइबर थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।


