BY: Yoganand Shrivastva
Mathura Accident उत्तर प्रदेश के मथुरा में गुरुवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 101 के पास नोएडा से आगरा की ओर जा रही दो यात्री बसें कांच से भरे कैंटर से टकरा गईं। हादसा सुबह करीब 3:15 बजे ओवरटेक करने के दौरान हुआ। टक्कर के बाद कैंटर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक यात्रियों के घायल होने की खबर है।
ओवरटेक करने के दौरान भिड़े वाहन
Mathura Accident पुलिस के मुताबिक, कांच से भरा आयशर कैंटर (HR 26 E 5124) आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस (UP 86 T 8696) ने कैंटर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान बस कैंटर से टकरा गई। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही ट्रैवल पॉइंट की दूसरी बस (UP 17 AT 9952) भी कैंटर से जा भिड़ी।
लगातार हुई टक्करों के कारण कैंटर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद दोनों बसों में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को चोटें आईं और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
पुलिस और एंबुलेंस ने शुरू किया राहत कार्य
Mathura Accident हादसे की सूचना मांट टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम और कॉलर विनय यादव के जरिए पुलिस को मिली। जानकारी मिलते ही मांट थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया।
पुलिस ने जेपी और सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
चांदनी, आमिर समेत कई यात्री घायल
Mathura Accident घायलों में चांदनी, आमिर, आजाद, वसीम और अजर बानो समेत अन्य यात्री शामिल बताए गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।
यमुना एक्सप्रेसवे पर तड़के हुए इस हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और स्थिति को संभाला।


