BY: Yoganand Shrivastva
Ramayana Movie नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी साल की सबसे बड़ी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज से पहले इसके सह-निर्माता और अभिनेता यश ने हैदराबाद में आयोजित एक प्री-रिलीज इवेंट के दौरान दर्शकों से एक खास अपील की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे फिल्म में छोटी-मोटी कमियां या वीएफएक्स की खामियां निकालने के बजाय इसकी भव्य सोच और भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाने के मकसद का समर्थन करें।
नमित मल्होत्रा के योगदान को सराहने की बात
Ramayana Movie हैदराबाद में 19 अक्टूबर को हुए इस इवेंट में यश ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे बड़े सपने देखने वाले और जुनूनी निर्माताओं का साथ छूट गया, तो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को आगे बढ़ने में कई साल पीछे जाना पड़ सकता है। यश ने दर्शकों से अपील की कि नमित जैसे दूरदर्शी लोगों को संभालकर रखना हमारी जिम्मेदारी है, क्योंकि वे हॉलीवुड की तर्ज पर भारतीय सिनेमा को ग्लोबल लेवल पर ले जाने का सपना देख रहे हैं।
‘रामायण’ से जुड़ी बड़ी सोच को समझें
Ramayana Movie ‘केजीएफ’ फेम अभिनेता यश ने बातचीत में साझा किया कि जब उन्होंने लॉस एंजिल्स में नमित मल्होत्रा से मुलाकात की थी, तब वे ऑस्कर जीतने के बावजूद भारतीय इंडस्ट्री के विकास के लिए चिंतित थे। तभी यश ने इस महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में न केवल ‘रावण’ का किरदार निभाने, बल्कि एक सह-निर्माता के रूप में जुड़ने का फैसला किया। उन्होंने अंत में देशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक प्रयास को खुले मन से स्वीकार करें और भारतीय सिनेमा के इस मील के पत्थर का खुलकर समर्थन करें।


