BY: Yoganand Shrivastva
Meerut Murder Case मेरठ में पति अमित कश्यप की हत्या के मामले में अदालत ने उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई है। आरोप था कि दोनों ने मिलकर अमित की हत्या की और घटना को सर्पदंश से हुई मौत दिखाने के लिए उसके बिस्तर पर सांप छोड़ दिया। मेरठ की अदालत ने दो दिन के भीतर दूसरी बार मृत्युदंड की सजा सुनाई है। इससे पहले सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को भी फांसी की सजा सुनाई गई थी।
साथ काम करते थे अमित और अमरदीप
Meerut Murder Case बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव निवासी अमित कश्यप टाइल और पत्थर लगाने का काम करता था। आरोपी अमरदीप भी उसके साथ काम करता था और अक्सर अमित के घर आता-जाता रहता था। इसी दौरान रविता और अमरदीप के बीच प्रेम संबंध बन गए। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।
बताया गया कि बाद में अमित को अपनी पत्नी और अमरदीप के प्रेम संबंधों की जानकारी हो गई। उसने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों ने कथित तौर पर अमित की हत्या की साजिश रची।
सपेरे से खरीदा सांप, फिर रची हत्या की साजिश
Meerut Murder Case मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, रविता और अमरदीप ने एक सपेरे से एक हजार रुपये में सांप खरीदा था। इसके बाद 17 अप्रैल की रात, जब अमित सो गया, तो रविता ने अमरदीप को घर बुलाया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर अमित की हत्या कर दी और फिर उसके बिस्तर पर सांप छोड़ दिया, ताकि उसकी मौत सर्पदंश से हुई प्रतीत हो।
घटना के बाद अमरदीप वहां से चला गया, जबकि रविता दूसरे कमरे में जाकर सो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
Meerut Murder Case अगली सुबह परिजनों ने अमित को मृत अवस्था में पाया। उसके शरीर पर सांप के काटने के निशान थे, इसलिए शुरुआत में परिजनों को लगा कि उसकी मौत सर्पदंश से हुई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सांप का काटना नहीं, बल्कि दम घुटना बताया गया।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बताया गया कि शव का पोस्टमार्टम कराने का रविता ने विरोध किया था, जिससे परिजनों का शक उस पर गहराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पुलिस ने रविता और अमरदीप को गिरफ्तार किया।
अदालत ने सुनाई मृत्युदंड की सजा
मामले की सुनवाई के बाद मेरठ की अदालत ने रविता और अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई। इस फैसले के साथ मेरठ में दो दिनों के भीतर दूसरी बार मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने की खबर सामने आई है।


