रिपोर्ट- अंकुर कपूर
Kanipla Visit CM Saini : कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बच्चों की कल्पना में विकसित भारत की जो तस्वीर उभरती है, वही भविष्य के भारत का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को सही मंच और प्रोत्साहन मिलने से उनमें रचनात्मकता, संस्कार, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण की सोच विकसित होती है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को कुरुक्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीपला में आयोजित सेवा संकल्प अभियान एवं निपुण चित्रकला प्रदर्शनी में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ‘माधव सभागार’ और परम पूजनीय श्री गुरु जी के भित्ति चित्र का अनावरण किया। उन्होंने चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

Kanipla Visit CM Saini : स्कूल और गांव के विकास के लिए घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने विद्यालय में सोलर पैनल लगाने के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा कनीपला गांव में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया गया है। अभियान के अंतर्गत 17 से 21 सितंबर तक कक्षा 3 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं कराई गईं। जिला स्तरीय प्रदर्शनी में चयनित विद्यार्थियों की कृतियों को प्रदर्शित किया गया।
Kanipla Visit CM Saini : बच्चों ने विकसित भारत की कल्पना को रंगों में उतारा
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, सेवा भावना और 2047 के विकसित भारत जैसे विषयों को अपनी कला के जरिए प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहन देना उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपने सपनों को लक्ष्य में बदलने और देश के विकास में योगदान देने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
Kanipla Visit CM Saini : आधुनिक शिक्षा और डिजिटल कौशल पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, टैबलेट और ई-लर्निंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और डिजिटल कौशल से जोड़ने के साथ कौशल विकास पर भी जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुपर-100 और बुनियाद जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। सुपर-100 की सीटों को 500 से बढ़ाकर 600 किया गया है।
Kanipla Visit CM Saini : विदेशी भाषाओं की पढ़ाई पर भी जोर
नायब सिंह सैनी ने कहा कि विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सरकारी स्कूलों में फ्रेंच भाषा की पढ़ाई शुरू की गई है। जर्मन भाषा के लिए समझौता किया गया है, जबकि जापानी और कोरियाई भाषाओं की पढ़ाई भी चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खेल सुविधाओं को भी विकसित किया जा रहा है। इस वर्ष सभी राजकीय उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के खेल मैदानों के विकास के लिए एक-एक लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी कला केवल कागज तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सेवा, संस्कार, मेहनत और देश के प्रति कर्तव्य उनके व्यवहार और जीवन में भी दिखाई देना चाहिए।
ये भी जानिए : BJP Organizational Reshuffle : संगठन की मजबूती का बनेगा आधार,सरकार और संगठन के बीच को-ऑर्डिनेशन


