Report: Vijay Ahirwar
Guna Dacoity Case गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में किसान के घर हुई चर्चित डकैती का पुलिस ने आंशिक खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में दो पारदी बदमाशों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 985 ग्राम सोना बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि 3 अगस्त की रात चक चुरेलिया गांव निवासी किसान बाबूलाल मीणा के घर बदमाशों ने धावा बोलकर तिजोरी चोरी कर ली थी। पीड़ित के अनुसार तिजोरी में लगभग ढाई किलो सोना, पांच किलो चांदी और 12 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। किसान ने कुल नुकसान की कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई थी।
Guna Dacoity Case 14 पुलिस टीमों ने 16 जिलों में की छापेमारी
Guna Dacoity Case सनसनीखेज वारदात के बाद गुना पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में लेते हुए विशेष अभियान शुरू किया। पुलिस की 14 अलग-अलग टीमों ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के करीब 16 जिलों में लगातार दबिश दी।

लगातार छह दिनों तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस को दो आरोपियों तक पहुंचने और बड़ी मात्रा में सोना बरामद करने में सफलता मिली। हालांकि, फरियादी के दावों के अनुसार अभी भी बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी बरामद होना बाकी है।
Guna Dacoity Case फरार आरोपियों की तलाश जारी, जल्द और गिरफ्तारियों की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि यह गुना जिले की हालिया वर्षों की सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक है। जांच के दौरान पारदी गैंग से जुड़े कई ठिकानों पर कार्रवाई की गई है और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर शेष माल बरामद कर लिया जाएगा।



