रिपोर्ट: विजय अहिरवार
Guna Narcotics Raid मध्यप्रदेश के गुना जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये कीमत का डोडाचूरा बरामद किया है। इस दौरान नशे की खेप को एस्कॉर्ट कर रही कार के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा भी हो गया, जिसमें पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चा और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
Guna Narcotics Raid सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था डोडाचूरा
सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स टीम ने गुना-अशोकनगर सीमा स्थित मावन गांव के पेट्रोल पंप पर एक संदिग्ध ट्रक को रोका। ट्रक में नागालैंड नंबर प्लेट लगी थी और चालक की पहचान झारखंड निवासी साहिल अंसारी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान सीमेंट की बोरियों के नीचे रखे कट्टों में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।
Guna Narcotics Raid एस्कॉर्ट कार की टक्कर से दंपति की मौत
जांच के दौरान टीम को जानकारी मिली कि ट्रक के साथ गुजरात नंबर की एक कार भी चल रही थी, जो कथित तौर पर एस्कॉर्ट की भूमिका निभा रही थी। कार का पीछा किए जाने के दौरान वह अनियंत्रित होकर बाइक सवारों से टकरा गई। हादसे में गणेशखेड़ा गांव निवासी कल्लू बारेला और उनकी पत्नी पिंकी बारेला की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार उनका तीन वर्षीय भतीजा रणवीर बारेला गंभीर रूप से घायल हो गया।
Guna Narcotics Raid अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
हादसे में एक अन्य व्यक्ति गोवर्धन कुशवाहा भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग ने मादक पदार्थ तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मिले सुरागों के आधार पर अधिकारियों को अंतरराज्यीय गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।





