Reporter: Prempal Singh, Edit By: Mohit Jain
Firozabad: जमीन को लेकर चल रहा विवाद सोमवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। नसीरपुर थाना क्षेत्र के मढैया नंदराम गांव में एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसकी पत्नी, बेटा और भाई इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।
पांच बीघा जमीन को लेकर चल रही थी रंजिश
मृतक की पहचान सत्यभान पुत्र मातादीन के रूप में हुई है। बताया गया कि गांव के ही सूरतराम से सत्यभान का करीब पांच बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब छह महीने पहले इस जमीन का फैसला सत्यभान के पक्ष में आया था, जिसके बाद प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में उसे कब्जा दिलवाया था। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष लगातार रंजिश मान रहा था।
घात लगाकर किया हमला
सोमवार रात सत्यभान खेत से लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी। जब उसे बचाने के लिए उसकी पत्नी राधा, बेटा और भाई मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और फायरिंग कर दी, जिससे तीनों घायल हो गए।

अस्पताल में किसान की मौत
घटना के बाद परिजन सत्यभान को शिकोहाबाद के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है।
यह खबर भी पढ़ें: Pilibhit: रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 75 हजार की ठगी, युवक बना शिकार
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।





