BY: Yoganand Shrivastva
इंदौर: संचालित होने वाली इंडिगो एयरलाइन की उड़ान सेवाएं गुरुवार को भी प्रभावित रहीं। शहर से चलने वाली तीन फ्लाइटों को रद्द कर दिया गया, जबकि तीन अन्य उड़ानों में काफी देरी दर्ज की गई। इससे पहले बुधवार को भी इंडिगो की 18 उड़ानें नहीं उड़ सकी थीं, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी थी।
इंदौर एयरपोर्ट पर सबसे अधिक उड़ानें इंडिगो द्वारा संचालित की जाती हैं। इसी वजह से उड़ान रद्द होने का असर अधिकतर यात्रियों पर पड़ा। एयरलाइन की ओर से बताया गया कि देश भर में ऑपरेशनल और तकनीकी दिक्कतों के चलते उड़ानों को रद्द या विलंबित करना पड़ा। प्रभावित यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा वापस लेने या अगली उपलब्ध उड़ान में बिना शुल्क के दोबारा बुकिंग कराने का विकल्प प्रदान किया जा रहा है।
एक यात्री, शिवांशु मालवीय, ने बताया कि वे समय से एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन बाद में मालूम चला कि उड़ान रद्द कर दी गई है। इससे विवश होकर उन्हें दूसरी कंपनी की महंगी टिकट लेनी पड़ी।
आज रद्द की गई उड़ानें
इंदौर आने वाली उड़ान:
- 6E5161 — मुंबई से इंदौर
इंदौर से रवाना होने वाली उड़ानें:
- 6E2053 — इंदौर से मुंबई
- 6E6551 — इंदौर से मुंबई
आज देरी से आने-जाने वाली उड़ानें
- 6E284 — पुणे से इंदौर (लगभग 3 घंटे 32 मिनट देरी)
- 6E701 — इंदौर से बेंगलुरु (करीब 3 घंटे 10 मिनट देरी)
- 6E378 — इंदौर से हैदराबाद (लगभग 3 घंटे 40 मिनट देरी)





