नारायणपुर: नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नारायणपुर पुलिस ने एक साल के भीतर 19वां नया सुरक्षा व जन-सुविधा कैंप ग्राम पदमेटा में स्थापित किया। यह कैंप थाना ओरछा क्षेत्र के अंतर्गत खोला गया है।
डीआरजी, आईटीबीपी 44वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कैंप की स्थापना कर क्षेत्र में सुरक्षात्मक माहौल के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का लक्ष्य तय किया है।

माड़ बचाव अभियान को नई गति
नारायणपुर पुलिस पिछले कई महीनों से नक्सल विरोधी “माड़ बचाओ अभियान” को लगातार आगे बढ़ा रही है। इस अभियान के तहत अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों तक सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य सुविधाओं और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को पहुंचाया जा रहा है।
गांवों को वैश्विक समाज से जोड़ने की पहल
नए कैंप की स्थापना से स्थानीय ग्रामीणों को सुरक्षा के साथ-साथ विकास योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा। मोबाइल नेटवर्क विस्तार से संचार व्यवस्था सुधरेगी, ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की वास्तविक पहुँच मिलेगी
पुलिस का मानना है कि इन प्रयासों से अबूझमाड़ को नक्सल मुक्त और विकसित बस्तर की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।





