भोपाल: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। उनका यह दौरा सहकारिता, संगठन और विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। श्री शाह के स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान श्री शाह ने सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मॉडल ग्राम विकास, आत्मनिर्भरता और स्थानीय रोजगार सृजन के लिए बेहद कारगर है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सहकारिता के क्षेत्र में एक नई क्रांति की ओर अग्रसर है।

इस दौरे के लिए जब अमित शाह भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे, तो राजा भोज की नगरी में उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। शाह का स्वागत भोपाल बीजेपी के चौक मंडल अध्यक्ष आशीष ठाकुर द्वारा, जिला अध्यक्ष रवींद्र यती के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अमित शाह का यह दौरा न केवल संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से अहम माना जा रहा है, बल्कि इससे कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा भी संचारित हुई है। साथ ही, सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को और बल मिला है।





