BY- ISA AHMAD
नशीली सामग्री बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
रायपुर की वीआईपी रोड स्थित एक फार्म हाउस में चल रही हुक्का पार्टी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। तेलीबांधा थाना पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में “आदित्य फार्म” नामक फार्म हाउस में चल रही हुक्के की अवैध पार्टी का भंडाफोड़ किया गया।
सूत्रों के अनुसार, फार्म हाउस में एक बड़े कारोबारी के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में युवतियाँ और महिलाएँ भी शामिल थीं। पार्टी में खुलेआम हुक्का और नशीली सामग्री का सेवन किया जा रहा था।
पुलिस को इस अवैध गतिविधि की सूचना गुप्त रूप से मिली थी, जिसके बाद तेलीबांधा थाना प्रभारी की अगुवाई में टीम ने मौके पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान दर्जनों हुक्के और बड़ी मात्रा में नशीली सामग्री जब्त की गई है।
इस मामले में पुलिस ने विकास सिंह बरोई नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पार्टी का मुख्य आयोजक बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मौके पर उपस्थित अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फार्म हाउस से जब्त सामग्री को परीक्षण के लिए भेजा गया है। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आयोजन के लिए क्या प्रशासन से अनुमति ली गई थी या नहीं।
इस पूरी कार्रवाई से राजधानी में चल रही अवैध हुक्का पार्टियों और नशे के कारोबार पर बड़ा संदेश गया है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे आयोजनों पर सख्त नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Ye Bhi Dekhe – 09 मई 2025 राशिफल





