,

पंचकूला: पंजाब के पूर्व DGP पर बेटे की हत्या का आरोप, FIR में मां और परिवार के अन्य सदस्यों का भी नाम

Panchkula: Former Punjab DGP accused of murdering son; mother and other family members also named in FIR

वीडियो में पिता और अपनी पत्नी के बीच अवैध संबंध होने का लगाया था आरोप

by: vijay nandan

पंचकूला: पंजाब के पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा और उनकी पत्नी, पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना के खिलाफ पंचकूला पुलिस में उनके बेटे की हत्या के संदिग्ध मामले में FIR दर्ज की गई है। मामले में मुस्तफा-रजिया के साथ उनकी बेटी और पुत्रवधू को भी आरोपी बनाया गया है। बताया गया कि 35 वर्षीय अकील की 16 अक्टूबर की रात पंचकूला में मौत हो गई थी। शुरुआत में परिवार ने इसे दवा की ओवरडोज से मौत बताया। लेकिन अकील का 27 अगस्त का एक पुराना वीडियो सामने आने के बाद मामला विवादास्पद हो गया। वीडियो में अकील ने आरोप लगाया कि उसे पता चला कि उसके पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंध थे। अकील ने अपने वीडियो में कहा कि उसकी पत्नी और पिता के रिश्ते की वजह से परिवार ने उसे नुकसान पहुंचाने या झूठे केस में फंसाने की योजना बनाई।

शमशुद्दीन नामक व्यक्ति ने इस वीडियो को आधार बनाकर पंचकूला पुलिस कमिश्नर को शिकायत भेजी और मामले की जांच की मांग की। अकील के परिवार से संबंधित विवाद, वीडियो में लगाए गए आरोप और उसकी अचानक मौत को देखते हुए पुलिस ने 20 अक्टूबर की रात पूर्व DGP मुस्तफा, रजिया सुल्ताना, बेटी और पुत्रवधू के खिलाफ केस दर्ज किया।

वीडियो में अकील ने बताया कि उसने डेढ़ साल पहले पिता और पत्नी को ड्रेसिंग रूम में पकड़ा। इसके बाद वह मानसिक दबाव में रहा, उसे रिहेब सेंटर में जबरदस्ती रखा गया और उसे बिना परीक्षण के दवाइयां दी गईं। अकील ने परिवार के सदस्यों पर धमकी और झूठे आरोप लगाने का भी आरोप लगाया। अकील का एक बेटा और एक बेटी है। वह पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे थे। उनके शव को सहारनपुर ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।

पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा 1985 बैच के IPS अधिकारी हैं और पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के समय में सक्रिय रहे। उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना कांग्रेस में रही हैं और पूर्व में मंत्री रह चुकी हैं। उनकी पुत्रवधू को पंजाब वक्फ बोर्ड का चेयरपर्सन भी बनाया गया था। पुलिस ने बताया कि ACP रैंक के अधिकारी की अगुवाई में SIT गठित की गई है जो मामले की गहन जांच करेगी।