रिपोर्टर: रवि सेन
Banda News क्षेत्रीय विकास और ग्रामीण आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सांसद राहुल सिंह लोधी और विधायक वीरेंद्र सिंह लम्बरदार ने दो महत्वपूर्ण सड़कों का भूमिपूजन किया। इसमें बुढ़ाखेरा से सिसगुवां तक 2.70 किलोमीटर लंबी सड़क शामिल है, जिसका निर्माण 174.93 लाख रुपये की अनुमानित लागत से कराया जाएगा। इस अवसर पर सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि जनता से किया गया वादा निभाया गया है और क्षेत्र के विकास तथा जलापूर्ति जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
मंजला से बरग्याऊ टोला मार्ग पर खर्च होंगे 232.60 लाख रुपये
Banda News इसी क्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के तहत मंजला से बरग्याऊ टोला तक बनने वाली 2.50 किलोमीटर लंबी सड़क का भी भूमिपूजन संपन्न हुआ। 232.60 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के तैयार होने से क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और विभिन्न गांवों के बीच सड़क संपर्क व्यवस्था पहले से काफी मजबूत होगी।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ और विकास को मिलेगी गति
Banda News विधायक वीरेंद्र सिंह लम्बरदार ने इस अवसर पर कहा कि यह ग्राम पंचायत विकास की दृष्टि से पीछे छूट गई थी, लेकिन इन नई स्वीकृतियों से इलाके की विकास संबंधी कमी दूर होगी। सड़कों के निर्माण से न केवल ग्रामीणों का दैनिक आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।


