,

Ayodhya Deepotsav: दीपोत्सव-2026 में रंगों और रील्स से सजेगी अयोध्या की तस्वीर, 2 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

Ayodhya Deepotsav

Report: Vandna Rawat

Ayodhya Deepotsav अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान और विकास की नई तस्वीर को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग दीपोत्सव-2026 के अवसर पर चित्रकला और रील मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित कर रहा है। इन प्रतियोगिताओं में देशभर के सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आवेदन और प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर निर्धारित की गई है। विजेताओं को दीपोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा।

चित्रकला और रील के जरिए सामने आएगी नव्य अयोध्या

Ayodhya Deepotsav पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को आस्था, संस्कृति और विरासत के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागी रामनगरी की परंपराओं, ऐतिहासिक स्थलों, विकास कार्यों और दीपोत्सव की भव्यता को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत कर सकेंगे। इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक और कला के जरिए अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है।

कैनवास पर अयोध्या और 60 सेकंड की रील में विकास की झलक

Ayodhya Deepotsav चित्रकला प्रतियोगिता की थीम ‘कला के माध्यम से अयोध्या का उत्सव’ रखी गई है। प्रतिभागियों को जलरंग के माध्यम से मौलिक चित्र तैयार करना होगा। इसमें अयोध्या की सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों, विकास कार्यों या दीपोत्सव के दृश्यों को दर्शाया जा सकता है। पहले से प्रकाशित, नकल की गई या एआई से तैयार कलाकृतियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।

वहीं, रील मेकिंग प्रतियोगिता की थीम ‘नए रूप में अयोध्या’ रखी गई है। इसमें 30 से 60 सेकंड का मौलिक वीडियो बनाना होगा, जिसमें अयोध्या की प्राचीन विरासत, विकास यात्रा और दीपोत्सव की झलक दिखाई जा सके। वीडियो में इस्तेमाल होने वाले संगीत और अन्य सामग्री के लिए कॉपीराइट मुक्त संसाधनों का उपयोग करना होगा। नकल की गई, बिना अनुमति कॉपीराइट सामग्री वाली या भ्रामक और आपत्तिजनक प्रविष्टियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। एआई से तैयार सामग्री का अत्यधिक इस्तेमाल करने वाली प्रविष्टियां भी मान्य नहीं होंगी।

2 नवंबर तक करें आवेदन, विजेताओं को मिलेगा सम्मान

Ayodhya Deepotsav प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। चित्रकला प्रतियोगिता के लिए यहां आवेदन करें और रील मेकिंग प्रतियोगिता के लिए इस लिंक पर जाएं।

दोनों प्रतियोगिताओं के लिए प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर है। विजेताओं को दीपोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के जरिए प्रतिभागियों को ‘विकास भी, विरासत भी’ की अवधारणा को अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

Read this: Lumpy Skin Disease Cow Milk : लंपी बीमारी से पीड़ित गाय का दूध पीना चाहिए या नहीं? जानें क्या हैं जरूरी सावधानियां