मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सोमनाथ एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचने ही वाले थी कि ठीक 200 मीटर पहले दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसकी जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आपको बता दें कि यह हादसा सुबह करीब 5.50 बजे हुआ। हालांकि, हादसे में किसी के मारे जाने या घायल होने की खबर नहीं है। वहीं हादसे की सही वजह का पता लगाया जा रहा है।
पश्चिम मध्य रेलवे CPRO ने क्या बताया?
पश्चिम मध्य रेलवे CPRO हर्षित श्रीवास्तव ने बताया, “इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस जो इंदौर से आ रही थी और जबलपुर जा रही थी, जब डेड स्टॉप स्पीड पर थी तब उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए। किसी भी यात्री को हानि नहीं हुई है। सभी सुरक्षित हैं और अपने घरों के लिए रवाना भी हो चुके हैं। यह घटना सुबह लगभग 5.50 बजे घटी है जब ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंच रही थी… स्टेशन से लगभग 150 मीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ।”
12 अगस्त को भी हुआ था कुछ ऐसा ही
बता दें कि इससे पहले 12 अगस्त को भी कुछ ऐसा ही हादसा हुआ था। प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन के दो कोच पटरी से उतर गए थे। मैसूर से रानी कमलापति की ओर जाने वाली समर स्पेशल ट्रेन प्लेटफॉर्म पर ही पटरी से बेपटरी हो गई थी। गनीमत रही थी कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई थी।





