रिपोर्ट- राजेश जायसवाल, एडिट- विजय नंदन
महराजगंज: सोहगीबरवां वन्यजीव अभ्यारण्य के पकड़ी रेंज क्षेत्र में मंगलवार को एक तेंदुए का शावक जंगल से भटककर खेत के पास लगी जाली में फंस गया। इस दृश्य को देखकर आसपास के ग्रामीण भयभीत हो गए और तुरंत वन विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और शावक की घेराबंदी कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुछ समय की कड़ी मेहनत के बाद शावक को सुरक्षित पकड़ लिया गया और जंगल की ओर छोड़ दिया गया।

वन विभाग की तत्परता और सही समय पर कार्रवाई की वजह से किसी बड़े हादसे से बचा जा सका। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम की सराहना की। महराजगंज प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जंगल और आसपास के क्षेत्रों में जंगली जानवरों के करीब जाने से बचें और ऐसे मामलों में तुरंत वन विभाग को सूचित करें।





