कोरबा। सावन माह के आखिरी सोमवार को जिलेभर में शिवभक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
जलाभिषेक और विशेष श्रृंगार
भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव को फूल-माला, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर विशेष श्रृंगार किया। इसके बाद जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर “बोल बम” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
सावर्थ सिद्धि संयोग बना
इस चौथे सोमवार पर सावर्थ सिद्धि संयोग बन रहा है, जिसे बेहद शुभ और फलदायी माना जाता है। पंडितों के अनुसार, इस योग में भगवान शिव की आराधना करने से भक्तों को विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।
श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था
शिवभक्ति के इस पर्व पर जिले के कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भोग और भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक आनंद का अनुभव किया।
पूरे जिले में दिखा उत्साह
कोरबा जिले के हर छोटे-बड़े मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन का यह आखिरी सोमवार उनके जीवन में सुख-समृद्धि और मंगल लेकर आएगा।





