कोरबा। छत्तीसगढ़ के कटघोरा इलाके में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जिले के कोरबी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां रेलवे ट्रैक पर काम कर रहा एक मजदूर नाले के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, और बचाव टीम मौके पर जुटी हुई है।
निर्माणाधीन पुल के नीचे काम कर रहा था मजदूर
जानकारी के अनुसार, मजदूर उदय कुमार सिंह, जो झारखंड के पलामू जिले का रहने वाला है, गेवरा से डोंगरगढ़ तक बिछाई जा रही नई रेललाइन परियोजना में कार्यरत था। शुक्रवार को जब वह कोरबी गांव में निर्माणाधीन पुल के नीचे काम कर रहा था, तभी अचानक नाले में तेज पानी का बहाव आ गया और वह बह गया।
तेज बहाव में बहने की जताई जा रही आशंका
स्थानीय लोगों और मजदूरों के अनुसार, घटना के वक्त भारी बारिश हो रही थी और नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव में मजदूर बह गया, जिसकी अब तक कोई तलाश नहीं हो सकी है। बचाव दल उसकी तलाश में लगातार जुटा हुआ है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।





