Report: Mukesh Prajapati
Hukumpur Theft Case शिवपुरी जिले के खनियांधाना से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम हुकुमपुर में एक ही रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने घरों के ताले और कुंडी तोड़ने के साथ दीवार में भी सेंध लगाई और सोने-चांदी के पुराने इस्तेमाल के जेवरात समेत करीब 80 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। गांव के ही दिनेश पुत्र सियाराम यादव के दोनों घरों में भी चोरी का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ताले और दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर
Hukumpur Theft Case पीड़ित शिकायतकर्ता महेंद्र सिंह यादव पुत्र त्रिलोक सिंह यादव, उम्र 54 वर्ष, ने बताया कि रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके और उनके चचेरे भाई शिवप्रताप यादव के घर में घुसे। चोरों ने कमरों और बक्सों के ताले, गेट की कुंडी तथा दीवार तोड़कर घर में रखे सामान को खंगाला। इस दौरान बहुओं के जेवरात और दोनों घरों से करीब 80 हजार रुपये नकद ले गए। पीड़ित परिवार के पास चोरी हुए जेवरात की पूरी सूची फिलहाल उपलब्ध नहीं है, जिसे पुलिस के सामने बाद में प्रस्तुत किया जाएगा।
डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए साक्ष्य
Hukumpur Theft Case घटना की सूचना मिलते ही खनियांधाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी संजय सिंह किरार के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों और एसडीओपी को घटना की जानकारी दी गई थी। इसके बाद शिवपुरी से डॉग स्क्वाड और गुना से फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने फिंगरप्रिंट और फुटमार्क समेत अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। गांव के पीछे खुले मैदान और खेत होने के कारण वहां चोरों के बूट के निशान भी मिले हैं। पुलिस साइबर सेल की मदद से मामले की जांच कर रही है और थाना प्रभारी ने साक्ष्यों के आधार पर जल्द वारदात का खुलासा करने की बात कही है।


