रिपोर्टर: अभिषेक सिंह
भानुप्रतापपुर:
आज प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयसवाल ने भानुप्रतापपुर का दौरा किया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली और डॉक्टरों व स्टाफ से अस्पताल की कार्यप्रणाली पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने मंत्री से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और डॉक्टरों की कमी की शिकायत की। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा और कई विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं हैं।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री जयसवाल ने आश्वासन दिया कि जल्द ही 4-5 डॉक्टरों की पदस्थापना भानुप्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो विभागीय डॉक्टर अत्यंत आवश्यक हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर नियुक्त किया जाएगा।
मंत्री ने साफ कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन को समय पर इलाज मिल सके।





