,

ग्वालियर: टमटम में सफर कर रही महिला का पर्स चोरी, लाखों के गहने थे अंदर; 10 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर

BY: Yoganand Shrivastva

ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ पर्स चोरी की वारदात सामने आई है। मुरैना निवासी किरन शर्मा 26 अगस्त को यादव धर्मकांटा इलाके से टमटम में बैठीं। शताब्दीपुरम पहुंचने पर जब उन्होंने अपना पर्स देखा, तो वह गायब था।

महिला ने तत्काल टमटम रुकवाकर आस-पास पर्स खोजने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। चोरी हुए पर्स में लगभग एक लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने रखे हुए थे।

घटना की शिकायत और पुलिस जांच

घटना के बाद पीड़िता महाराजपुरा थाने पहुंचीं और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने पहले आवेदन लेकर जांच शुरू की। जांच पूरी होने के बाद शुक्रवार रात अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।