BY
Yoganand Shrivastava
DK Shivakumar CM Oath Ceremony कर्नाटक की राजनीति के लिए आज (3 जून 2026) का दिन बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है। कांग्रेस के संकटमोचक और दिग्गज नेता डी.के. शिवकुमार आज शाम 4:05 बजे राज्य के नए मुख्यमंत्री (CM) के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। बेंगलुरु के लोक भवन परिसर में आयोजित होने वाले इस भव्य और गरिमामयी समारोह को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। विधान सौधा और लोक भवन के चारों तरफ कांग्रेस के झंडे और सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे सहित नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और निवर्तमान सीएम सिद्धारमैया के बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग्स लगाए गए हैं।

DK Shivakumar CM Oath Ceremony शपथ ग्रहण समारोह की 5 बड़ी और खास बातें:
- शुभ मुहूर्त और वास्तु का ध्यान: ज्योतिषियों की विशेष सलाह पर लोक भवन के ग्लास हाउस में पूर्व मुखी (East-Facing) मंच तैयार किया गया है। डीके शिवकुमार ठीक शाम 4 बजकर 5 मिनट पर शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल थावरचंद गहलोत उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।
- मंत्रिमंडल का गठन: मुख्यमंत्री के साथ करीब 14 मंत्री भी पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि, मंत्रियों की अंतिम सूची दोपहर तक दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद साफ होगी। माना जा रहा है कि इस कैबिनेट में वरिष्ठ दलित नेता डॉ. जी. परमेश्वर अकेले उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) हो सकते हैं।
- आस्था और संतों का आशीर्वाद: नई दिल्ली से लौटते ही डीके शिवकुमार ने बीती देर रात अपने श्रद्धेय संत अज्जय्या के मठ का दौरा किया और परिवार सहित करीब दो घंटे तक विशेष पूजा-अर्चना की। आज शपथ ग्रहण से पहले वे अपने पैतृक गांव कनकपुरा जाकर अपनी मां गौरम्मा का आशीर्वाद लेंगे और स्थानीय मंदिरों में दर्शन करेंगे।
- दिग्गज नेताओं का जमावड़ा: समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी समेत दिल्ली के कई वरिष्ठ नेता, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां बेंगलुरु पहुंच रही हैं।
- शपथ के बाद का एक्शन प्लान: मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद डीके शिवकुमार विधानसभा में अपनी पहली कैबिनेट बैठक करेंगे। इसके बाद वे कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के दफ्तर जाकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
DK Shivakumar CM Oath Ceremony सरकारी दफ्तरों में आधे दिन की छुट्टी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर बेंगलुरु में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। लोक भवन और विधान सौधा के आसपास भारी जनसैलाब उमड़ने और वीआईपी मूवमेंट के कारण यातायात (ट्रैफिक) प्रभावित होने की पूरी आशंका है। जनता को असुविधा से बचाने के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके साथ ही विधान सौधा, विकास सौधा और बहुमंजिला सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए आज (3 जून) आधे दिन (हाफ-डे) की छुट्टी घोषित की गई है।





