रिपोर्टर: देवेंद्र श्रीवास
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जांजगीर-चांपा के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक खुशवंत साहेब भी मौजूद रहे।
बैठक का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा। मुख्यमंत्री ने योजनाओं की ज़मीनी स्थिति, विकास कार्यों की प्रगति, और जनता को हो रहे लाभ की अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने बैठक में स्पष्ट संदेश दिया कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुँचना चाहिए। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि किसी भी योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अपनी रिपोर्ट साझा की, जिसमें विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति दर्शाई गई।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए थे। जिला पंचायत परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।





