रिपोर्टर: समीम खान
लखनपुर (सरगुजा):
लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कटिंदा स्थित आमाचूआ डाबरी में नहाने गए एक वृद्ध दंपति की पानी में डूबने से मौत हो गई। यह दुखद घटना 7 अगस्त गुरुवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीमन पण्डो (पिता स्व. माझीराम पण्डो, उम्र 65 वर्ष) अपनी पत्नी केंदी पण्डो (पति करीमन पण्डो, उम्र 62 वर्ष), निवासी ग्राम बेलदगी घुईभवना, के साथ नहाने के लिए आमाचूआ डाबरी गए थे।
काफी देर तक दोनों जब घर नहीं लौटे तो मृतक का बेटा करमसाय पण्डो अपनी पत्नी के साथ डाबरी की ओर देखने गया, जहां उसने देखा कि दोनों के शव पानी में तैर रहे हैं और उनके कपड़े डाबरी के पास रखे हुए थे।
परिजनों ने तत्काल लखनपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिए गए।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। इधर, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, ताकि डूबने की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके।





