Isa Ahmad
बोकारो। जिले के पुलिस ऑफिस सभागार में आज पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह की अध्यक्षता में मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में सिटी डीएसपी, बेरमो एसडीपीओ, चास एसडीपीओ, हेडक्वार्टर डीएसपी, सीसीआर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी समेत जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान आगामी दीपावली और छठ पर्व के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने निर्देश दिया कि पर्व के दौरान सघन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की जाए और ड्रोन एवं CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि जिले में जल्द ही QR-आधारित पुलिस पेट्रोलिंग प्रणाली (QR-Based Police Patrolling System) शुरू की जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकेगी।
एसपी हरविंदर सिंह ने अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अपराधियों के मन में पुलिस का भय बना रहना चाहिए। सभी थानेदारों को लंबित मामलों का त्वरित निपटारा, साइबर अपराध की रोकथाम और मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों में विश्वास बनाए रखें ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।





