BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर: पुलिस ने उस बाइक सवार युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने गाड़ी टकराने के विवाद में पुलिस आरक्षक से मारपीट की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और ड्यूटी के दौरान मारपीट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और उसका जुलूस भी निकाला।
घटना गुरुवार शाम 7 बजे इंदरगंज थाना क्षेत्र के रोशनी घर के पास हुई। जनकगंज थाने में तैनात आरक्षक सत्यभान सिंह सरकारी वाहन से एसपी ऑफिस कंट्रोल रूम ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पास खड़े बाइक सवार रोहित रजक से टकरा गई।
गाड़ी टकराने के बाद रोहित रजक गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करते हुए आरक्षक सत्यभान सिंह के गाल पर थप्पड़ मार दिया। इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद एक राहगीर ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने घटना के लगभग दो घंटे बाद, रात 9 बजे आरोपी रोहित रजक को गिरफ्तार कर जुलूस निकालते हुए कार्रवाई की।





