भोपाल/नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर भोपाल पहुँचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात कर संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान पार्टी के आगामी कार्यक्रम, संगठन की संरचना, मध्यप्रदेश में विकास की दिशा और जनकल्याण से जुड़े विषय बातचीत के केंद्र में रहे।

खंडेलवाल से हुई दूसरी महत्वपूर्ण मुलाकात
सिंधिया और खंडेलवाल के बीच यह दूसरी अहम मुलाकात थी। इससे पहले, खंडेलवाल की प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद दोनों की पहली बैठक दिल्ली में सिंधिया के आवास पर हुई थी, जिसमें संगठन की भावी रणनीति पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ था। गौरतलब है कि हेमंत खंडेलवाल के प्रदेशाध्यक्ष बनने में सिंधिया स्वयं प्रस्तावक रहे हैं, जिससे दोनों के बीच वैचारिक तालमेल और रणनीतिक समन्वय स्पष्ट होता है।
हितानंद शर्मा से भी हुई शिष्टाचार भेंट
स्थानीय कार्यक्रमों के बाद सिंधिया ने भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पार्टी की नीतियों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक सौहार्दपूर्ण और आत्मीय माहौल में संपन्न हुई।





