अयोध्या का कायाकल्प करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। तब न सिर्फ राममंदिर बल्कि सड़क से लेकर हवाईपट्टी तक को सजाया गया था। लेकिन अब वहां से ही एक बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में अयोध्या रामपथ पर लगी फैंसी लाइट्स चोरी होने का मामला सामने आया था जिस पर अब कमिश्नर गौरव दयाल ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि इतनी बड़ी संख्या में लाइट चोरी हो जाए ये संभव नहीं है।
ठेकेदार पर लगाए आरोप
कमिश्नर गौरव दयाल ने बताया, “ठेकेदार द्वारा कहा जा रहा है कि लाइट चोरी हो गई लेकिन इतनी बड़ी संख्या में लाइट चोरी हो जाए ये संभव नहीं है। यहां बहुत निगरानी है, इतना पहरा रहता है। इसकी जांच की जा रही है।”
सुरक्षा में चूक की कोई बात नहीं
उन्होंने आगे कहा कि “प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि इतनी लाइट लगाई ही नहीं गई थी। कुछ चोरी हुई भी है तो उसकी जांच की जाएगी। जिस ठेकेदार ने इसे लगाया है ये उसी की जिम्मेदारी है कि उसकी देखरेख करें। सुरक्षा में चूक की कोई बात नहीं है। इसे बढ़ा-चढ़ा कर बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब 3600 के आसपास लाइट चोरी हुई हैं।”





