रिपोर्ट – अभिषेक सिंह ठाकुर
कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में आज नगर बंद का व्यापक असर देखा गया। भानुप्रतापपुर परिवहन संघ के ट्रांसपोर्टरों द्वारा की जा रही हड़ताल के समर्थन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
हड़ताल का मुख्य कारण विकासखंड के ग्राम कच्चे स्थित गोदावरी पावर एवं इस्पात लिमिटेड की लौह अयस्क खदान से ट्रांसपोर्टरों को दिए जा रहे काम में अचानक कटौती है। बताया गया कि पहले आरी डोंगरी खदान से प्रतिदिन लगभग 100 से 120 ट्रकों को परिवहन कार्य दिया जाता था, लेकिन अब यह संख्या घटकर सिर्फ 30 ट्रकों तक सीमित कर दी गई है।
इस कटौती से परिवहन संघ के ट्रांसपोर्टरों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। काम की कमी के चलते कई ट्रांसपोर्टरों की आर्थिक स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है, जिससे उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
परिवहन संघ भानुप्रतापपुर द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में आज नगर बंद का आह्वान किया गया, जिसका व्यापक असर पूरे भानुप्रतापपुर और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिला। स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया।
बाजार, दुकानें, निजी संस्थान और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को बंद से अलग रखा गया, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।
परिवहन संघ ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और भी उग्र रूप दिया जाएगा।





