संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Illegal Sand Mining चंबल नदी की रेत के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों के बीच मुरैना से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पुलिस चौकी के ठीक सामने से गुजरती दिखाई दे रही हैं। हैरानी की बात यह है कि यह गतिविधि दिन के उजाले में हो रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
चौकी और एसएएफ की तैनाती के बावजूद नहीं थम रहा परिवहन
Illegal Sand Mining पूरा मामला दिमनी थाना क्षेत्र के बरेथा गांव के समीप क्वारी नदी पुल का बताया जा रहा है। यहां चंबल की रेत के अवैध परिवहन को रोकने के लिए पुलिस चौकी बनाई गई है, जिसका संचालन आयुष अस्पताल परिसर से किया जाता है। निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने के लिए यहां एसएएफ के 4-1 जवानों का गार्ड भी तैनात है। इसके बावजूद चौकी के सामने से रेत से लदे वाहनों का गुजरना सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर उजागर की स्थिति
Illegal Sand Mining स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि रेत के अवैध परिवहन की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होती। पुलिस की कथित निष्क्रियता से नाराज ग्रामीणों ने चौकी के सामने से गुजरती ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
99 प्रतिशत उत्खनन बंद होने के दावे पर सवाल
गौरतलब है कि हाल ही में सीईसी की बैठक में कलेक्टर और एसपी ने चंबल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पर 99 प्रतिशत तक रोक लगाने का दावा किया था। हालांकि, पुलिस चौकी के सामने से रेत से भरे वाहनों की आवाजाही का वीडियो सामने आने के बाद इन दावों की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या वायरल वीडियो की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी और चंबल रेत के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लग पाएगी?
Read this: MP Congress में वर्चस्व की लड़ाई, नेता पुत्रों पर आई, दिग्विजय का बयान, कमलनाथ का शक्ति प्रदर्शन ?


