Ranchi Road Safety Campaign सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी सहित विभिन्न इलाकों में अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान वाहन चालकों, दुकानदारों और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दृष्टिकोण के अनुरूप नागरिक चेतना पर जोर
Ranchi Road Safety Campaign अभियान के दौरान परिवहन सचिव राजीव रंजन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता और संवेदनशीलता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और राज्य के नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए नागरिकों में जिम्मेदार व्यवहार और नागरिक चेतना विकसित करना जरूरी है।
उन्होंने आम लोगों से सड़क सुरक्षा को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न मानकर अपना व्यक्तिगत और सामाजिक दायित्व समझने की अपील की। हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, अवैध पार्किंग से बचने और सड़कों को अतिक्रमणमुक्त रखने जैसे उपायों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
बिना हेलमेट चलने वाले 600 से 700 चालकों को समझाया
Ranchi Road Safety Campaign अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600 से 700 वाहन चालकों को जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन बचाने का महत्वपूर्ण साधन है। दुर्घटना के दौरान यह सिर में गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को कम करने में मदद करता है।
परिवहन सचिव ने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु से उसके परिवार को अपूरणीय क्षति होती है। विशेषकर परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की मृत्यु होने पर परिजनों को भावनात्मक आघात के साथ आजीविका और दैनिक जरूरतों से जुड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक के जीवन और परिवार की सुरक्षा से जुड़ा दायित्व है।
नुक्कड़ नाटक, शपथ और हेलमेट वितरण से दिया सुरक्षित यातायात का संदेश
Ranchi Road Safety Campaign अभियान के दौरान नागरिकों को जागरूक करने के लिए जनभागीदारी पर आधारित तरीके अपनाए गए। नुक्कड़ नाटक और सड़क सुरक्षा की शपथ के माध्यम से सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। वाहन चालकों को माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर भी प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, निशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।
वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, हेलमेट पहनने और अन्य यातायात सावधानियों का पालन करने की समझाइश दी गई। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।


