BY: Yoganand Shrivastva
Kohat Mosque Blast पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में बड़ा धमाका हुआ। अधिकारी के मुताबिक इस घटना में 16 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 11 आम नागरिक और 5 पुलिसकर्मी शामिल हैं। कई दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं और उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
ओल्ड पुलिस लाइन के पास मस्जिद में हुआ धमाका
Kohat Mosque Blast प्रोविंशियल पुलिस चीफ जुल्फिकार हमीद के मुताबिक मस्जिद में फिदायीन हमला करके धमाका किया गया। यह घटना पेशावर से करीब 60 किलोमीटर दूर कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइन के पास स्थित मस्जिद में हुई। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
50 से ज्यादा घायल अस्पताल पहुंचाए गए
Kohat Mosque Blast जियो न्यूज ने डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह के हवाले से बताया कि धमाके के बाद 50 से ज्यादा घायल लोगों और 15 शवों को अस्पताल लाया गया। पुलिस के अनुसार घायलों में ज्यादातर नमाज अदा करने वाले लोग हैं। धमाके की वजह से मस्जिद के बाहर गड्ढा बनने की भी जानकारी सामने आई है।
रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि सूचना मिलने के कुछ ही समय बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया था। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए आसपास के अस्पतालों में भेजा गया और राहत-बचाव अभियान जारी रहा।
फरवरी में इस्लामाबाद की मस्जिद में हुआ था बड़ा धमाका
Kohat Mosque Blast इससे पहले फरवरी में इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में भी आत्मघाती हमला हुआ था। स्रोत के मुताबिक उस घटना में 70 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और करीब 250 लोग घायल हुए थे। यह विस्फोट तरलाई स्थित खदीजातुल कुबरा मस्जिद-सह-इमामबाड़ा में हुआ था।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर को इमामबाड़े के गेट पर रोकने की कोशिश की गई थी, जिसके बाद उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया था। अब कोहाट की घटना के बाद पुलिस और राहत एजेंसियां मौके पर जांच और बचाव अभियान में जुटी हैं।


