BY: Yoganand Shrivastva
Gurugram Hit and Run Case गुरुग्राम हिट एंड रन केस के आरोपी कल्याण बैंसला को पुलिस ने राजस्थान के दौसा जिले से हिरासत में लिया है। गुरुग्राम पुलिस की टीम राजस्थान पहुंच चुकी है और आरोपी को दौसा से गुरुग्राम लाया जा रहा है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा भी एफआईआर में जोड़ी जा चुकी है।
कल्याण बैंसला ने इससे पहले एक वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया था। उसका कहना था कि उसने जानबूझकर बाइक सवार सिया चौहान को टक्कर नहीं मारी थी। उसने दावा किया था कि मौके से इसलिए चला गया क्योंकि उसे डर था कि वहां मौजूद लोग उस पर हमला कर सकते हैं। आरोपी की ओर से उसके वकील ने भी उसका बचाव किया था।
सिया बोलीं- मुझे नया जीवन मिला, यह हत्या के प्रयास का मामला
Gurugram Hit and Run Case घटना में घायल बाइकर सिया चौहान का ताजा बयान भी सामने आया है। सिया ने कहा कि उन्हें नया जीवन मिला है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका पीछा क्यों किया गया। वह अपनी लेन में बाइक चला रही थीं और उन्हें आशंका थी कि आरोपी उनके साथ कुछ कर सकता है।
Gurugram Hit and Run Case सिया के मुताबिक, वह खुशकिस्मत हैं कि हादसे में उनके सिर्फ हाथ और पैर में चोट लगी। उन्होंने इसे हत्या के प्रयास का मामला बताते हुए कहा कि महिलाओं को बाइक या कार चलाते समय इस तरह परेशान किए जाने की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की।
सिया ने बताया कि उनकी बाइक दिल्ली से गुरुग्राम के बाइकर वन कैफे की ओर जा रही थी। वह करीब एक साल से बाइक चला रही हैं। उनका कहना है कि इस घटना को सिर्फ सड़क हादसा मानकर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह दूसरी महिलाओं के लिए भी सबक है।
सीसीटीवी के आधार पर हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई
Gurugram Hit and Run Case गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में मामले की एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 109 भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही थी।
सिया ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड होने के बावजूद 24 घंटे तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अगर कानून तोड़ने वाले के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं होती तो इससे गलत संदेश जाता है।
सिया के अनुसार, आरोपी को यह नहीं सोचना चाहिए कि वह किसी महिला को टक्कर मारकर भाग जाएगा और उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


