BY: Yoganand Shrivastva
KSRTC Luxury Bus अगर आपको महंगे किराए के बिना आरामदायक और लग्जरी सफर का अनुभव मिले तो कैसा लगेगा? केरल की सरकारी परिवहन सेवा केएसआरटीसी ने ऐसी ही खास बस सेवा शुरू की है, जो अपनी सुविधाओं की वजह से चर्चा में है। तिरुवनंतपुरम से एर्नाकुलम के बीच चलने वाली इस लग्जरी वोल्वो एसी बस का किराया 505 रुपये है। कारोबारी हर्ष गोयनका ने भी इस बस का वीडियो अपने एक्स हैंडल पर साझा किया है, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई।
36 सीटों वाली बस में मिलेंगी कई लग्जरी सुविधाएं
KSRTC Luxury Bus यह बस सामान्य सरकारी बसों से काफी अलग है। इसमें कुल 36 पुश-बैक सीटें हैं और यात्रियों के लिए पर्याप्त लेगरूम दिया गया है। हर सीट के साथ व्यक्तिगत टीवी स्क्रीन और यूएसबी चार्जिंग पोर्ट की सुविधा उपलब्ध है।
यात्रियों को पूरे सफर के दौरान मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई भी मिलेगा। इसके अलावा बस में चाय-कॉफी के लिए ऑन-बोर्ड पेंट्री और मिनी फ्रिज की सुविधा दी गई है। सबसे खास बात यह है कि बस के अंदर ही वॉशरूम की सुविधा भी उपलब्ध है।
तिरुवनंतपुरम से एर्नाकुलम तक चलेगी बस
KSRTC Luxury Bus यह विशेष बस सेवा सोमवार से शुक्रवार तक संचालित होगी। बस तिरुवनंतपुरम से सुबह 5:30 बजे रवाना होगी और कोल्लम, अलाप्पुझा तथा हाईकोर्ट के रास्ते सुबह करीब 9:30 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी।
वहीं, एर्नाकुलम से शाम 5:30 बजे बस वापस तिरुवनंतपुरम के लिए रवाना होगी। इस सफर के लिए यात्रियों को 505 रुपये किराया देना होगा। यही वजह है कि कम कीमत में बेहतर सुविधाओं वाला यह सफर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
ऑनलाइन और व्हाट्सऐप से भी कर सकते हैं बुकिंग
KSRTC Luxury Bus इस लग्जरी बस में टिकट बुक करने के लिए केएसआरटीसी की वेबसाइट, ‘Ente KSRTC Neo OPRS’ ऐप और टिकट काउंटर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा निगम के अधिकृत व्हाट्सऐप नंबर पर सिर्फ ‘Hi’ भेजकर भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।
कम किराए में टीवी स्क्रीन, वाई-फाई, पेंट्री, मिनी फ्रिज और वॉशरूम जैसी सुविधाएं मिलने के कारण केरल की यह सरकारी बस सेवा यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है।


