By: Vijay Yadav
Mandi Inspection भोपाल/नरसिंहपुर, मध्यप्रदेश में कृषि उपज मंडियों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडी बोर्ड के आयुक्त-सह-प्रबंध संचालक राघवेन्द्र सिंह ने नरसिंहपुर और गाडरवारा कृषि उपज मंडियों का निरीक्षण किया। शुक्रवार, 6 नवंबर को किए गए इस आकस्मिक निरीक्षण में उन्होंने मंडियों की व्यवस्थाओं, निर्माण कार्यों, कृषि उपज की आवक और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और अधूरे निर्माण कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
Mandi Inspection : नरसिंहपुर मंडी में 3.74 हेक्टेयर भूमि पर होगा विस्तार
नरसिंहपुर कृषि उपज मंडी के निरीक्षण के दौरान आयुक्त राघवेन्द्र सिंह ने मंडी विस्तार के लिए आवंटित 3.74 हेक्टेयर भूमि का अवलोकन किया। उन्होंने इस जमीन पर प्रस्तावित भवनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण को लेकर कार्यपालन यंत्री (EE) को आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने मुख्य मंडी परिसर और प्रवेश द्वार पर वाहनों की आवाजाही की व्यवस्था देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडी में कृषि उपज लेकर आने वाले और उपज बेचकर बाहर जाने वाले वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होनी चाहिए। आवक और जावक के दौरान अनावश्यक जाम न लगे तथा यातायात व्यवस्था सुचारू और पारदर्शी बनी रहे। इसके लिए तैनात कर्मचारियों को भी मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
Mandi Inspection : गाडरवारा मंडी में ग्रेडिंग प्लांट और कैंटीन व्यवस्था की समीक्षा
नरसिंहपुर के बाद आयुक्त ने गाडरवारा कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मंडी की वित्तीय स्थिति, कृषि उपज की आवक और मंडी से होने वाली आय की समीक्षा की। इस दौरान मंडी परिसर में मौजूद व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने।
निरीक्षण के दौरान ग्रेडिंग प्लांट की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए उन्होंने इसे अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों, हम्मालों और व्यापारियों की सुविधा के लिए मंडी परिसर में कैंटीन का नियमित और गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
Mandi Inspection : बाउंड्री वॉल और मरम्मत कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
गाडरवारा मंडी परिसर में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल और अन्य मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडियों में किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए बुनियादी ढांचे का विकास, आवक व्यवस्था में सुधार और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान मंडी बोर्ड के स्थानीय तकनीकी अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, संबंधित मंडियों के सचिव और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
ये भी जानिए : Diwali Gold Silver Price : दिवाली पर सोना-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, जानें आज का ताजा भाव


