Puranpur News उत्तर प्रदेश के पूरनपुर में नकली सोने को असली बताकर बैंक से गोल्ड लोन लेने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरोह के सदस्य नकली आभूषणों पर 18 कैरेट का फर्जी हॉलमार्क लगाकर उन्हें असली सोने के रूप में पेश करते थे। पुलिस की इस कार्रवाई से नकली सोने के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।
एसबीआई में नकली सोने पर लोन लेने पहुंचे थे आरोपी
Puranpur News पुलिस के मुताबिक, आरोपी भारतीय स्टेट बैंक की स्टेशन रोड शाखा में नकली सोने के आभूषणों के आधार पर गोल्ड लोन लेने पहुंचे थे। बैंक में आभूषणों की जांच के दौरान उनकी असलियत सामने आई। जांच में पता चला कि इन गहनों में केवल 3.03 प्रतिशत सोने की मात्रा मौजूद थी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और जांच शुरू की गई।
फर्जी हॉलमार्क लगाने की मशीन समेत कई सामान बरामद
Puranpur News गिरोह नकली आभूषणों को असली दिखाने के लिए उन पर 18 कैरेट का फर्जी हॉलमार्क लगाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हॉलमार्क लगाने वाली मशीन और इस काम में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा एक हार, पेंडल, चार कंगन, टीका और झुमकी सहित कई नकली आभूषण भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में खुला गिरोह का राज, छह आरोपी गिरफ्तार
Puranpur News पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में इकरार और आदेश वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह पुलिस ने कुल छह आरोपियों को दबोचकर जेल भेज दिया।
पूरनपुर कोतवाली प्रभारी पवन कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और इस तरह की ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। नकली सोने पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर बैंक से गोल्ड लोन लेने का यह मामला वित्तीय संस्थानों के लिए भी सतर्क रहने का संकेत है।


